तीन दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचे स्विस राष्ट्रपति, दिया गया ‘गार्ड ऑफ ऑनर’! PM मोदी से करेंगे मुलाकात

नई दिल्ली। स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन सोमवार को तीन दिन के भारत दौरे पर पहुंचे। राष्ट्रपति भवन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद रहे। पार्मेलिन के साथ व्यापार और उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि भी भारत आए हैं। उनकी यात्रा 5 से 7 अक्टूबर तक चलेगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक और कारोबारी रिश्तों के साथ विज्ञान, तकनीक और इनोवेशन पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री मोदी के साथ होने वाली बैठक में वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा। इस यात्रा को भारत-स्विट्जरलैंड संबंधों के लिए अहम माना जा रहा है।
राष्ट्रपति भवन में हुआ स्वागत
नई दिल्ली पहुंचने के बाद स्विस राष्ट्रपति का औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति भवन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मौजूद रहीं। एयरपोर्ट पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने उनका स्वागत किया। पार्मेलिन ने भारत यात्रा को दोनों देशों के बीच रिश्तों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मौका बताया है।
मोदी के साथ किन मुद्दों पर होगी बात?
प्रधानमंत्री मोदी और गाइ पार्मेलिन के बीच होने वाली बैठक में कई अहम विषयों पर चर्चा होगी। दोनों नेता व्यापार और निवेश बढ़ाने के तरीकों पर बात करेंगे। इसके अलावा विज्ञान, तकनीक, इनोवेशन, संस्कृति और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा होगी। दोनों देशों के नेता क्षेत्रीय और दुनिया से जुड़े मुद्दों पर भी अपने विचार साझा करेंगे।
TEPA की पहली सालगिरह पर खास कार्यक्रम
पार्मेलिन का भारत दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब भारत-ईएफटीए व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते यानी TEPA को लागू हुए एक साल पूरा होने वाला है। 7 अक्टूबर को होने वाले दूसरे भारत-ईएफटीए समृद्धि शिखर सम्मेलन में स्विस राष्ट्रपति हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम दोनों पक्षों के बीच आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
स्विट्जरलैंड भारत का अहम कारोबारी साझेदार
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, ईएफटीए देशों में स्विट्जरलैंड भारत का सबसे बड़ा व्यापार और निवेश साझेदार है। दोनों देशों के बीच लंबे समय से अच्छे संबंध हैं। नियमित उच्चस्तरीय यात्राओं और बैठकों के जरिए दोनों देश अपने रिश्तों को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं। इस यात्रा से कारोबार और निवेश के नए अवसरों पर भी बातचीत आगे बढ़ सकती है।
इस साल दूसरी बार भारत आए पार्मेलिन
गाइ पार्मेलिन की यह 2026 में दूसरी भारत यात्रा है। इससे पहले वह फरवरी में नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल होने भारत आए थे। हालांकि, मौजूदा दौरा उनकी पहली राजकीय भारत यात्रा है। इस दौरान वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति उनके सम्मान में आधिकारिक भोज का आयोजन करेंगी।
10 अक्टूबर के प्रदर्शन से पहले गिरफ्तारी का दावा, CJP नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना..!
रिश्तों को नई रफ्तार देने की कोशिश
विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी स्विस राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। भारत और स्विट्जरलैंड के बीच व्यापार के अलावा तकनीक, शिक्षा, विज्ञान और लोगों की आवाजाही जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर है। दोनों देशों के बीच लगातार हो रहे उच्चस्तरीय संवाद से आने वाले समय में साझेदारी के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।



















