Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल में टीचर पर गंभीर आरोप, सड़क पर बैठे छात्र; बोले- फेल करने की धमकी देकर कराती हैं घर का काम

भोपाल के मिसरोद स्थित नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्रों ने महिला टीचर बबीता कुशवाह पर गंभीर आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने फेल करने की धमकी, प्रोजेक्ट के नाम पर पैसे मांगने और पाइप से पिटाई का आरोप लगाया। 4 घंटे के प्रदर्शन के बाद DEO ने टीचर का ट्रांसफर कर विभागीय जांच शुरू कराई।
भोपाल में टीचर पर गंभीर आरोप, सड़क पर बैठे छात्र; बोले- फेल करने की धमकी देकर कराती हैं घर का काम

भोपाल के मिसरोद स्थित नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल में एक महिला शिक्षक के खिलाफ छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने शिक्षक बबीता कुशवाह पर फेल करने की धमकी देकर घर का काम कराने, प्रोजेक्ट के नाम पर पैसे मांगने और पाइप से मारने जैसे गंभीर आरोप लगाए। छात्रों ने शिक्षक को स्कूल से हटाने की मांग की।

4 घंटे तक सड़क पर बैठे रहे छात्र

मामला सोमवार का है। छात्रों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मिसरोद थाने के प्रभारी विमलेश कुमार राय मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्राचार्य ने छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्र शिक्षक को हटाए जाने की मांग पर अड़े रहे। करीब 4 घंटे बाद जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य ने बबीता कुशवाह का बागरोदा हायर सेकेंडरी स्कूल में ट्रांसफर करने का आदेश जारी किया। साथ ही मामले में विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद छात्रों ने प्रदर्शन खत्म किया।

X Post

'पढ़ने आते हैं, कर्मचारी बनने नहीं'

11वीं कक्षा के गणित और जीव विज्ञान के छात्रों ने 3 अक्टूबर को प्राचार्य को लिखित शिकायत दी थी। छात्रों का आरोप है कि यूपीएससी और अन्य भर्ती परीक्षाओं के दौरान उनसे बेंच लगाने, सफाई करने और रोल नंबर लिखने जैसे काम कराए जाते हैं। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें रविवार को भी स्कूल बुलाया जाता है। प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का कहना था कि वे पढ़ाई करने स्कूल आते हैं, कर्मचारियों की तरह काम करने नहीं।

प्रोजेक्ट के नाम पर ₹2,500 मांगने का आरोप

छात्रों ने शिकायत में आरोप लगाया कि बबीता कुशवाह हर महीने प्रोजेक्ट के नाम पर 2,500 रुपये मांगती हैं। छात्रों के मुताबिक, शिक्षक कथित तौर पर कहती हैं कि जिसके पास पैसे हैं, वही साइंस स्ट्रीम में पढ़ाई करे। छात्रों का दावा है कि पैसों को लेकर बनाए गए दबाव के कारण कुछ विद्यार्थियों ने विज्ञान विषय तक छोड़ दिया।

Breaking News

पाइप से पिटाई का भी आरोप

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने शिक्षक पर सीनियर छात्रों की लोहे के पाइप से पिटाई करने का भी आरोप लगाया। छात्रों का कहना है कि बबीता कुशवाह क्लास में पढ़ाने के बजाय मोबाइल पर व्यस्त रहती हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

छात्रों ने सुनाया बातचीत का ऑडियो

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने शिक्षक और एक छात्र के बीच बातचीत का कथित ऑडियो भी सुनाया। इसमें पास-फेल कराने, अभिभावकों से बातचीत और पैसों से जुड़े मामलों का जिक्र होने का दावा किया गया। ऑडियो में आवाज किसकी है और बातचीत का वास्तविक संदर्भ क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

टीचर बोलीं- अच्छे रिजल्ट के लिए करती हूं सख्ती

आरोपों पर शिक्षक बबीता कुशवाह ने कहा कि वे 1999 से पढ़ा रही हैं और करीब 30 साल का अनुभव रखती हैं। उन्होंने कहा कि फिजिक्स में बेहतर रिजल्ट के लिए वे छात्रों के साथ सख्ती करती हैं। उन्होंने पैसे लेकर पास कराने या फेल करने के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया। उनका कहना है कि बच्चों से सफाई नहीं कराई जाती, बल्कि उन्हें अपना बैग साफ रखने के लिए कपड़ा रखने को कहा जाता है। बबीता कुशवाह के मुताबिक, प्रैक्टिकल के दौरान इंस्ट्रूमेंट को व्यवस्थित करना और साफ करना भी सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा है।

डीईओ ने शुरू कराई विभागीय जांच

जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य ने बताया कि छात्रों की शिकायत के आधार पर बबीता कुशवाह का बागरोदा हायर सेकेंडरी स्कूल में ट्रांसफर किया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल की स्थापना 1962 में हुई थी। स्कूल में 37 लोगों का स्टाफ है। बबीता कुशवाह वर्ष 2010 से यहां पढ़ा रही थीं।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts