IndiGo ने बढ़ाया फ्यूल चार्ज, हवाई सफर हुआ महंगा; घरेलू उड़ानों पर अब ₹1,300 तक अतिरिक्त शुल्क

हवाई सफर करने वाले यात्रियों की जेब पर एक बार फिर असर पड़ने वाला है। IndiGo ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की बढ़ती कीमतों के बीच घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का फ्यूल चार्ज बढ़ा दिया है। एयरलाइन के मुताबिक, पिछले महीने की तुलना में एटीएफ की कीमत में 14 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। बढ़ती ईंधन लागत की भरपाई के लिए इंडिगो ने दूरी के आधार पर नया फ्यूल चार्ज लागू किया है।
घरेलू उड़ानों पर कितना बढ़ा फ्यूल चार्ज?
इंडिगो ने घरेलू उड़ानों के लिए फ्यूल चार्ज को दूरी के हिसाब से बढ़ाया है। अब यात्रियों को 375 रुपये से लेकर 1,300 रुपये प्रति सेक्टर तक फ्यूल चार्ज देना होगा। इससे पहले यह शुल्क 275 रुपये से 950 रुपये प्रति सेक्टर तक था।
नई दरें इस तरह हैं:
- 0 से 500 किमी: ₹375, पहले ₹275
- 501 से 1,000 किमी: ₹600, पहले ₹400
- 1,001 से 1,500 किमी: ₹900
- 1,501 से 2,000 किमी: ₹1,150
- 2,000 किमी से ज्यादा: ₹1,300
यानी लंबी दूरी की घरेलू उड़ानों में यात्रियों को पहले की तुलना में ज्यादा फ्यूल चार्ज देना होगा।
अप्रैल में भी बढ़ाया गया था शुल्क
इंडिगो ने इससे पहले अप्रैल में घरेलू उड़ानों के फ्यूल चार्ज में बदलाव किया था। उस समय दूरी के आधार पर यह शुल्क 275 रुपये से 950 रुपये प्रति सेक्टर तक था। अब एटीएफ की कीमतों में एक बार फिर तेज बढ़ोतरी के बाद चार्ज को संशोधित किया गया है।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी बढ़ा चार्ज
इंडिगो ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी फ्यूल चार्ज बढ़ाया है। अलग-अलग इंटरनेशनल रूट के लिए शुल्क इस प्रकार तय किया गया है:
सार्क रूट, 500 किमी तक: ₹1,000
लंबी दूरी के सार्क रूट: ₹3,000दक्षिण पूर्व एशिया, GCC, पश्चिम एशिया, उत्तर और पूर्व एशिया: ₹5,500
अफ्रीका: ₹6,000
यूरोप: ₹10,000
इसका सीधा असर अंतरराष्ट्रीय यात्रा करने वाले यात्रियों के टिकट खर्च पर पड़ सकता है।
ATF की कीमत बढ़ने से लिया फैसला
इंडिगो के मुताबिक, हवाई ईंधन की कीमत में एक महीने में 14 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। एयरलाइन के परिचालन खर्च में ATF की बड़ी हिस्सेदारी होती है। ईंधन की कीमत बढ़ने से एयरलाइन की कुल लागत और उड़ानों के संचालन पर असर पड़ता है। बढ़ती लागत की भरपाई के लिए इंडिगो ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल चार्ज बढ़ाने का फैसला किया है।
IndiGo की पैरेंट कंपनी के शेयर में मामूली तेजी
5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे बीएसई पर इंडिगो की मूल कंपनी इंटर ग्लोब एविएशन के शेयर 4,927.15 रुपये पर कारोबार कर रहे थे। इस दौरान शेयर में करीब 0.12 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।




















