Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

वोटिंग ब्राजील में, नाम भारत का… पोस्ट में ट्रंप का बड़ा ब्लंडर! यूजर्स ने जमकर लिए मजे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव को गलती से भारत का चुनाव बता दिया। पोस्ट में उन्होंने 12.5 करोड़ वोट और जल्दी नतीजों का जिक्र किया। गलती सामने आने के बाद ट्रंप ने पोस्ट सुधार दी। ब्राजील में लूला और फ्लावियो बोल्सोनारो के बीच 25 अक्टूबर को राष्ट्रपति चुनाव का दूसरा चरण होगा।
वोटिंग ब्राजील में, नाम भारत का… पोस्ट में ट्रंप का बड़ा ब्लंडर! यूजर्स ने जमकर लिए मजे
ब्राजील चुनाव को भारत का राष्ट्रपति चुनाव समझ बैठे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपनी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव को गलती से भारत का राष्ट्रपति चुनाव बता दिया। ट्रंप ने पहले अपनी पोस्ट में भारत के राष्ट्रपति चुनाव का जिक्र करते हुए ब्राजील के चुनाव से जुड़े आंकड़े शेयर कर दिए।

ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा कि भारत के राष्ट्रपति चुनाव के पहले चरण में करीब 12.5 करोड़ लोगों ने मतदान किया और वोटिंग खत्म होने के कुछ ही समय बाद नतीजे भी सामने आ गए। उन्होंने इसी तुलना के जरिए अमेरिका की चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि वहां वोटरों की संख्या कम होने के बावजूद वोटों की गिनती में काफी समय लगता है।

ट्रंप ने सुधारी अपनी गलती

ट्रंप ने अमेरिका के चुनावी सिस्टम को लेकर भी नाराजगी जताई और इसे भ्रष्ट बताया। हालांकि, पोस्ट के बाद जब उनकी गलती सामने आई तो उन्होंने अपना बयान सुधार दिया। संशोधित पोस्ट में उन्होंने साफ किया कि वह भारत नहीं, बल्कि ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव की बात कर रहे थे। ट्रंप ने अपनी सुधारी हुई पोस्ट में बताया कि ब्राजील में राष्ट्रपति चुनाव के पहले चरण में करीब 12.5 करोड़ लोगों ने मतदान किया। उन्होंने दावा किया कि वहां वोटिंग खत्म होने के कुछ ही समय बाद नतीजे सामने आ गए। इसके मुकाबले उन्होंने अमेरिका के डेट्रॉइट, फिलाडेल्फिया, कैलिफोर्निया और दूसरे शहरों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कम मतदाताओं के बावजूद वोटों की गिनती में काफी समय लग जाता है।

ब्राजील में हुआ राष्ट्रपति चुनाव

दरअसल, ट्रंप की पोस्ट से एक दिन पहले यानी 4 अक्टूबर को ब्राजील में राष्ट्रपति चुनाव के पहले चरण के लिए वोटिंग हुई थी। इस चुनाव में मौजूदा राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा और पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे फ्लावियो बोल्सोनारो प्रमुख उम्मीदवारों में रहे। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, फ्लावियो बोल्सोनारो को 47.03 प्रतिशत और लूला दा सिल्वा को 45.16 प्रतिशत वैध वोट मिले। किसी भी उम्मीदवार को 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट नहीं मिलने के कारण अब दोनों के बीच दूसरे चरण का मुकाबला होगा। यह चुनाव 25 अक्टूबर को होना है।

ये भी पढ़ें: बिल गेट्स को जिंदगी में सिर्फ 3 बार टेक्नोलॉजी ने किया हैरान, Anthropic के Claude Code को बताया सबसे चौंकाने वाला

भारत के राष्ट्रपति चुनाव पर भी हुई चर्चा

ट्रंप की गलती के बाद सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट को लेकर खूब प्रतिक्रियाएं आईं। कई यूजर्स ने इस बात की ओर ध्यान दिलाया कि भारत में राष्ट्रपति का चुनाव सीधे जनता नहीं करती। भारत में राष्ट्रपति का चुनाव निर्वाचक मंडल के जरिए होता है। लोगों ने ट्रंप की पोस्ट पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने ब्राजील के चुनाव को भारत का चुनाव समझ लिया। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप किसी देश या जगह का नाम गलत संदर्भ में लेकर चर्चा में आए हों। जुलाई में ट्रंप ने ईरान के लिए ‘इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ जापान’ शब्द का इस्तेमाल किया था। इससे पहले जनवरी में दावोस में उन्होंने कई बार ग्रीनलैंड को आइसलैंड कह दिया था। अब ब्राजील के चुनाव को भारत का चुनाव बताने वाली उनकी पोस्ट भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts