Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रविवार को भी खुलेंगे सरकारी बैंक, बैंक हड़ताल के बीच बदला फैसला

तीन दिन की बैंक हड़ताल के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। वित्त मंत्रालय ने 27 सितंबर, रविवार को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को खुले रखने का निर्देश दिया है। बैंक यूनियनों की हड़ताल के दौरान ग्राहकों को होने वाली परेशानी कम करने के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है।
रविवार को भी खुलेंगे सरकारी बैंक, बैंक हड़ताल के बीच बदला फैसला

नई दिल्ली। बैंक यूनियनों की ओर से 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। वित्त मंत्रालय के निर्देश पर 27 सितंबर, रविवार को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक (PSB) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB) सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे।

5 दिन बैंक बंद रहने की आशंका

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इससे पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। अगर 27 सितंबर को भी रविवार की छुट्टी रहती, तो हड़ताल से पहले लगातार दो दिन और फिर तीन दिन की हड़ताल के चलते बैंकिंग कामकाज पर कुल 5 दिनों तक असर पड़ सकता था। इसी स्थिति को देखते हुए सरकार ने रविवार को बैंक खोलने का फैसला किया है।

क्यों लिया गया फैसला?

मंगलवार को डिप्टी चीफ लेबर कमिश्नर के सामने हुई सुलह बैठक में कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद UFBU ने हड़ताल जारी रखने का फैसला किया। वित्त मंत्रालय ने 23 सितंबर को कहा कि रविवार को बैंक खोलने का उद्देश्य ग्राहकों की जरूरी बैंकिंग जरूरतों को लंबे समय तक प्रभावित होने से बचाना है।

Business

रविवार को सामान्य रूप से होगा काम

मंत्रालय के मुताबिक, 27 सितंबर 2026 को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से काम करेंगे। यानी ग्राहकों को हड़ताल शुरू होने से पहले बैंक शाखाओं में जरूरी काम कराने का मौका मिलेगा। सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से बैंक यूनियनों से हड़ताल वापस लेने की अपील भी की गई है।

RBI ने भी दी मंजूरी

रविवार को बैंक खोलने के फैसले को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मंजूरी भी मिल गई है। इसके तहत केवल नियमित बैंक शाखाएं ही नहीं, बल्कि ऑफिस, ATM से जुड़ी शाखाएं और करेंसी चेस्ट भी सामान्य रूप से काम करेंगे। सरकार का कहना है कि बैंक ग्राहकों की सुविधा और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।

28 से 30 सितंबर तक हड़ताल

UFBU की प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को होगी। रविवार को बैंक खुले रहने से ग्राहकों को हड़ताल से पहले ब्रांच से जुड़े जरूरी बैंकिंग लेनदेन निपटाने के लिए एक अतिरिक्त कार्यदिवस मिलेगा।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts