Skoda Slavia Facelift Launch: 6 अक्टूबर को आ रही है नई स्लाविया, मिलेगी मसाज सीट और 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स

मुंबई। स्कोडा ऑटो इंडिया अपनी अपडेटेड सेडान, स्लाविया फेसलिफ्ट को 6 अक्टूबर 2026 को लॉन्च करने जा रही है। कंपनी ने इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है। करीब चार साल बाद यह इस सेडान का पहला मेजर फेसलिफ्ट होगा। कंपनी के चाकन (पुणे) स्थित प्लांट में इस मॉडल का उत्पादन शुरू हो गया है और ग्राहक 15 हजार रुपए देकर इसे प्री-बुक कर सकते हैं। अगस्त में इस कार का नया लुक दिखाया गया था। फेसलिफ्ट में नया एक्सटीरियर, ज्यादा प्रीमियम केबिन और नया ट्रांसमिशन ऑप्शन मिलेगा, जबकि इसके मौजूदा टर्बो पेट्रोल इंजन जारी रहेंगे।
नई स्लाविया के टॉप अपडेट्स
- 1.0 लीटर TSI वेरिएंट में अब 6-स्पीड की जगह ज्यादा एडवांस 8-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है।
- इसमें अब कुशाक की तरह रियर सीट के लिए मसाज फंक्शन मिलेगा, जो अपने सेगमेंट में एक यूनिक फीचर था।
- कार में 10.1 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट और 10.25 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी मिलेगा।
नई स्लाविया की कीमत को लेकर अभी आधिकारिक ऐलान बाकी है। लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी एक्स-शोरूम कीमत 10 लाख से 20 लाख रुपये के बीच रखी जा सकती है। मौजूदा मॉडल 9.99 लाख से 18.29 लाख रुपये के बीच आता है, तो फेसलिफ्ट की कीमत थोड़ी ज्यादा होगी।
एक्सटीरियर में क्या बदला?
नई Slavia Facelift को ज्यादा स्पोर्टी लुक दिया गया है। इसमें नए स्टाइल वाले हेडलैंप और टेललैंप, रिडिजाइन्ड फ्रंट-रियर बंपर और 16-इंच के नए अलॉय व्हील्स मिलते हैं। टेललैंप में अब सीक्वेंशियल इंडिकेटर भी है।
कलर ऑप्शन में भी दो नए शेड जोड़े गए हैं
आर्कटिक सिल्वर और कैपुचीनो बेज। इसके टॉप वेरिएंट मोंटे कार्लो में ब्लैक-आउट ग्रिल और रेड एक्सेंट पहले की तरह ही मिलेगा जो इसे बाकी वेरिएंट से अलग बनाता है। इसके इंडीरियर में केबिन का डिजाइन लेआउट पहले जैसा ही है, लेकिन स्क्रीन बड़ी हो गई है। अब इसमें 10-इंच की जगह 10.1-इंच टचस्क्रीन और 8-इंच के सेमी-डिजिटल क्लस्टर की जगह 10.25-इंच का फुल डिजिटल डिस्प्ले मिलता है।फीचर्स की बात करें तो इसमें सिंगल-पेन सनरूफ, 360-डिग्री कैमरा, वेंटिलेटेड और पावर्ड फ्रंट सीट्स, वायरलेस Apple CarPlay/Android Auto और Kushaq वाला रियर सीट मसाज फंक्शन दिया गया है। इसके अलावा स्कोडा ने AC के फिक्स्ड कंप्रेसर को हटाकर नया वेरिएबल ज्योमेट्री कंप्रेसर लगाया है, जिससे कूलिंग बेहतर होगी और इंजन पर लोड भी कम पड़ेगा।




















